हरदोई: बेहटा गोकुल प्रेमी के साथ गई विवाहिता के वापस घर आने पर पति से विवाद होने लगा। शुक्रवार देर शाम विवाद के दौरान पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सीधे थाने पहुंच गया। यहां पुलिस को पत्नी की हत्या कर देने की जानकारी दी। हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। आरोपी हिरासत में है।
मूल रूप से थानाक्षेत्र के रायपुर गुलरिया निवासी नवीन उर्फ छंगा की शादी सात साल पहले सुरजीपुर निवासी अंजू (25) के साथ हुई थी। शादी के बाद नवीन अपनी पत्नी के साथ ससुराल में ही रहने लगा था। नवीन ने बताया कि अंजू बीती 13 जनवरी को गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी। ग्राम प्रधान के जरिए उसने पुलिस से शिकायत की थी।
पुलिस ने 19 जनवरी को अंजू को तलाश लिया था। पूछताछ में अंजू ने पति नवीन के साथ जाने की इच्छा जताई, तो उसे भेज दिया गया। इसके बाद से आए दिन नवीन और अंजू के बीच विवाद हो रहा था। नवीन ने बताया कि शुक्रवार शाम भी घर के अंदर अंजू के साथ उसका विवाद हो रहा था। इसी दौरान उसने अंजू का गला दबा दिया।
घटना के समय अंजू की मां सुखरानी मकान के बाहर पड़ी टीन के नीचे बैठी थी, लेकिन उसे घटना का पता ही नहीं चला। अंजू की हत्या करने के बाद नवीन बेहटा गोकुल थाने गया। यहां पुलिस को बताया कि पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी है। इसका पता चलने पर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी पति हिरासत में है। शव कब्जे में लिया गया है। मृतका के दो बच्चे हैं।