हरदोई। स्वास्थ्य विभाग की 102 एंबुलेंस में बुधवार देर रात 11 बजे खुशी की किलकारी गूंजी, जब एंबुलेंस में ही एक महिला ने नवजात शिशु को जन्म दिया। सुरक्षित प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। 102 एंबुलेंस में तैनात ईएमटी रामजीवन व पायलट अरुन कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब 10:08 पर सुरसा थाना क्षेत्र के हुसियापुर निवासी मनोज ने सूचना दी कि उसकी पत्नी आरती (35)
को प्रसव पीड़ा हो रही है।
तत्काल एंबुलेंस की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही 102 की टीम ने सुरसा की एंबुलेंस UP-32-FG-0942 के EMT रामजीवन से सम्पर्क किया। 102 के पायलेट अरुन कुमार ने 12 किलोमीटर की दुरी 17 मिनट मे तय कर एम्बुलेंस 10:25 पर पहुंच कर महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुरसा ले जाने के लिए रवाना हुई।
हरदोई-बिलग्राम मार्ग धौलिया मोड़ समीप महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ने पर ईएमटी ने एंबुलेंस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोककर महिला शिवदेवी पत्नी श्रीपाल उम्र 45 वर्ष की मदद लेकर 10:50 मिनट पर तत्काल प्रसव कराया। सफल प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को सीएचसी सुरसा में भर्ती कराया गया, जहां स्टॉफ नर्स संगीता ने जांच के बाद दोनों को स्वस्थ बताया। सुरक्षित प्रसव के लिए परिजनों ने सरकारी 102 एंबुलेंस सेवा एवं एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता व सेवा भावना की सराहना की।
रिपोर्ट – शिवम गुप्ता