हरदोई: पूर्व सांसद भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा है कि भारत आर्थिक दृष्टि से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी ताकत बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि भारत ने फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को पीछे छोड़ दिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यात्रा से भारत और रूस की पुरानी दोस्ती पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरे देश के लिए रोल मॉडल बन गई है। योगी आदित्यनाथ हिंदुओं का सिंबल बन चुके हैं। नरेश अग्रवाल अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एसआईआर पर विपक्ष बेवजह हल्ला कर रहा है।
हरदोई की बात करें, तो सबसे ज्यादा नुकसान तो बेटे नितिन अग्रवाल के क्षेत्र में हो रहा है। नरेश अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इसकी पूरे देश में निंदा हो रही है। राहुल गांधी को सदन में इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। सरकार मनरेगा की जगह दूसरी योजना लाई है। इसमें 100 की जगह 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित करने का प्रावधान है। फिर भी विपक्ष इसका विरोध कर रहा है। भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया कि इंडिगो एयरलाइंस पर बड़ा जुर्माना करें।
पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि इसके परिणाम से विपक्ष को एहसास हो जाएगा कि जनता का मूड क्या है। हरदोई के मामले पर उन्होंने कहा कि नितिन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से मिलकर पिहानी चुंगी से खेतुई तक चार लेन की सड़क के लंबित प्रस्ताव को स्वीकृति दिए जाने की मांग की है। पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला भी मौजूद रहे।