लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड स्वयंसेवकों के 41,424 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन आगामी 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक होगा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सोमवार को लिखित परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वह इससे संबंधित जानकारियों के लिए वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।
प्राप्त हुए 25 लाख से ज्यादा आवेदन
बोर्ड के मुताबिक होमगार्ड बनने के लिए 25.30 लाख ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। बता दें कि तीन दिन में होने वाली लिखित परीक्षा छह पालियों में कराने की तैयारी है। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं, हालांकि इसका फैसला बोर्ड द्वारा बाद में लिया जाएगा। परीक्षा पूरी तरह ऑफलाइन होगी। परीक्षा में केवल सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। ओएमआर आधारित यह परीक्षा 100 अंकों की होगी।