हरदोई: शासन की ओर से 15 वें वित्त आयोग के अंतर्गत पौने पांच करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। करीब नौ माह की प्रतीक्षा के बाद मिली इस राशि से नगर के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। पालिका प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है।
नए साल में टेंडर प्रक्रिया कराकर जर्जर गलियां, टूटी नालियां आदि का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। पिछले दिनों जल जीवन मिशन योजनांतर्गत जल निगम के ठेकेदारों ने गलियों की खोदाई कराकर पाइपलाइन बिछाई थी, जिसके बाद गलियों की मरम्मत के नाम पर खानापूरी की गई। हालात यह है कि नगर की अधिकांश गलियां जर्जर हालत में हैं।
शहरवासियों को गलियों में वाहन तो दूर पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। नालियां टूटी होने से जल निकासी प्रभावित है। इसे लेकर नगरवासियों ने जर्जर गलियों व नालियों की मरम्मत के लिए पालिका प्रशासन से कई बार गुहार लगाई।
हालात यह रहे वित्तीय वर्ष 2025-26 में शासन की तरफ से नौ माह तक विकास कार्य के लिए कोई धनराशि नहीं मिली, जिसके चलते पालिका ने विकास कार्य कराने से हाथ खड़े कर दिए।
दिसंबर के आखिरी में शासन की ओर से 15 वें वित्त आयोग के तहत अनटाइड व टाइड ग्रांट जारी की गई है, जिसके तहत चार करोड़ रुपए 85 लाख रुपए जारी किए गए हैं। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद पालिका ने नगर की जर्जर गलियों, टूटी नालियों की मरम्मत कराने को लेकर कार्ययोजना तैयार करना शुरू कर दिया है।
शासन से चार करोड़ 85 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत हो गई है। इससे पालिका द्वारा जर्जर गलियों के निर्माण और टूटी नालियों की मरम्मत कराई जाएगी। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जल निकासी व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी। जनवरी के आखिरी सप्ताह तक काम भी शुरू हो जाएंगे।
- रामेंद्र सिंह,
अधिशासी अधिकारी,
नगर पालिका परिषद
हरदोई।