Hardoi News: सड़क हादसे में घायल सेवानिवृत्त रोडवेज चालक की मौत

100 News Desk
2 Min Read

हरदोई: शहर कोतवाली क्षेत्र के शंकरबक्श पुरवा में सड़क हादसे में घायल वृद्ध की बुधवार की सुबह घर पर मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। हादसा बीते पांच दिसंबर को शहर की बिलग्राम चुंगी के पास हुआ था। हरदोई देहात के मजरा शंकरबक्श पुरवा निवासी झम्मनलाल (70) सेवानिवृत्त रोडवेज चालक थे। पुत्र नरेंद्र उर्फ नीरु के मुताबिक, उनके पिता साल 2016 में उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए थे।

बीते पांच दिसंबर को पिता झम्मनलाल बाइक से शहर से सामान लेने गए थे। शाम के समय वह घर आ रहे थे। इस दौरान बिलग्राम चुंगी के पास उनकी बाइक में पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह ई-रिक्शा से टकरा गए। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उनको मेडिकल कॉलेज लाए। चिकित्सक ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था।

लखनऊ मेडिकल कॉलेज में उन्हें भर्ती कर लिया गया। चिकित्सक ने मंगलवार की रात उनकी छुट्टी कर दी थी। परिजन उनको घर ले आए थे। बुधवार की सुबह उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उनको अस्पताल ले जाने की व्यवस्था कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। झम्मनलाल के परिवार में पत्नी सोमवती, एक पुत्र नरेंद्र और दो पुत्रियां मीना और रानी हैं। प्रभारी कोतवाल बाल कृष्ण मिश्रा ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

रिपोर्ट – सईद

Share This Article
Follow:
NewsDesk is our dedicated team of multimedia journalists at 100 News UP, delivering round-the-clock coverage of breaking news and events uttar pradesh. As your trusted news source, NewsDesk provides verified updates on politics, business, current affairs, and more.
Leave a Comment