हरदोई: बैंकों की एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते आज मंगलवार को जिले की करीब 250 बैंक शाखाओं में बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप्प रहा। अधिकांश बैंको के ताले तक न खुले। जिले में करीब 500 करोड़ का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ। हड़ताली बैंककर्मी सुबह साढ़े दस बजे भारतीय स्टेट बैंक की स्टेशन रोड़ स्थित मुख्य शाखा पर इकट्ठे हुए। यहाँ जोरदार धरना प्रदर्शन हुआ। हाथों में 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग और हड़ताल की पट्टियां पकड़े आक्रोशित बैंक कर्मियों ने सरकार पर बैंक मैनेजमेंट और यूनियंस की सहमति को लागू करने में हीला हवाली का आरोप लगाया।
इस बैंक हड़ताल का आह्वाहन बैंक अधिकारियों के 4 व कर्मचारियों के 5 संगठनों ने मिलकर किया। बैंककर्मी नेताओं का केंद्र सरकार पर आरोप है कि वो बैंक यूनियंस और बैंक मैनेजमेंट के बीच 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को लेकर इंडस्ट्रियल डिस्प्यूट एक्ट के तहत बनी कानूनी सहमति को लागू नही कर रहा है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के स्थानीय संयोजक राकेश पांडेय ने हड़ताल के पूरी तरह सफल रहने का दावा किया। यू एफ बी यू के कार्यवाहक चेयरमैन और कर्मचारी संगठन एन सी बी ई क्षितिज पाठक, अधिकारी संगठन एबाक नेता अनूप सिंह,अधिकारी संगठन नोबो के नेता हर्षित ने मांगों का समर्थन किया। भारतीय स्टेट बैंक पर हड़ताल एवं धरना प्रदर्शन का नेतृत्व स्टेट बैंक के राजेश सिंह, गौरव गोयल, सचिन मिश्रा, मुबारक़ अली, अखिलेश पंकज, आनंद राहुल, विनोद, मुकेश, आनंद दीक्षित, सुलेमान ने किया।
रिपोर्ट – सईद अहमद