पाली-(हरदोई): आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शान्ति व्यवस्था बनाये रखने और आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से पाली नगर में रविवार को सवायजपुर तहसीलदार विनोद कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाली गई। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तहसीलदार के अलावा फ़्लैग मार्च में पाली थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार सहित भारी संख्या में पुलिस बल और राजस्व कर्मी लेखपाल अभिषेक द्विवेदी, लेखपाल गौरव कुमार यादव आदि इस टीम में मौजूद रहे, जो प्रशासन की जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाता है।
फ्लैग मार्च की शुरूआत थाने से की गई। फ्लैग मार्च नगर के इस्लामिया स्कूल से होते हुए मोहल्ला बाजार,मोहल्ला इमाम चौक, सुंदर चौराहा,आविद नगर ,बरगद चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों से गुजरा। इस दौरान तहसीलदार विनोद कुमार एवं थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार ने आम लोगों से शान्ति पूर्ण माहौल में होली का त्यौहार मनाने की अपील की। इस मौके पर तहसीलदार एवं थाना प्रभारी ने हिन्दू समाज के लोगों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पुलिस की तैनाती रहेगी। इस तरह के फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य अराजक तत्वों को कड़ा संदेश देना और नागरिकों को यह विश्वास दिलाता है कि वे भयमुक्त होकर अपने त्यौहारों को मना सकें। प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव