Hardoi news: SIR अभियान में बिना मैपिंग वाले मतदाताओं की नोटिस पर सुनवाई की 197 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। आठ विधानसभा क्षेत्र में पहले से नियुक्त 40 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ 157 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की और नियुक्ति की गई है।
विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के SIR अभियान में ड्राफ्ट रोल के प्रकाशन के साथ ही बिना मैपिंग वाले करीब 2,25,940 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। साल-2025 की मतदाता सूची में शामिल नामों में से साल-2003 की मतदाता सूची में खुद और माता-पिता के नाम से मैपिंग न होने से SIR प्रारूप पोर्टल पर पूरा नहीं हो पाया।
इससे बिना मैपिंग के चिह्नित मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग की व्यवस्था के मुताबिक, नोटिस दिया जाएगा। नोटिस पर मतदाता से साक्ष्य सहित संबंधित क्षेत्र के मतदाता होने के संबंध में जवाब प्राप्त किए जाएंगे। मतदाता की ओर से दिए गए साक्ष्य पर सुनवाई के लिए विधानसभा क्षेत्रवार सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियाें को अधिकृत किया गया है।बताया गया कि ड्राफ्ट रोल के प्रकाशन के साथ ही बिना मैपिंग वाले मतदाताओं की नोटिस भी भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर ऑटो जेनरेट हुईं हैं। उन्हीं नोटिस को प्रिंट कराते हुए मतदाताओं को प्राप्त कराई जाएंगी।
AERO को आज दिलाया जाएगा प्रशिक्षण
विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के SIR अभियान में बिना मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस दिया जाएगा। नोटिस पर सुनवाई और समय से उनके निराकरण के लिए 40 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ ही 157 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नामित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को बृहस्पतिवार को गांधी भवन में प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। ताकि सभी अधिकारी आयोग की व्यवस्था को भली भांति समझ लें। नोटिस पर सही प्रकार से सुनवाई करें और पारदर्शिता के साथ उनका निस्तारण कर सकें।