बुलंदशहर: कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव ग्यासपुर में जमीन विवाद को लेकर हुए हिंसक झगड़े में पूर्व विधायक मरहूम हाजी अलीम के भतीजे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव नीमखेड़ा के पास स्थित एक बाग की पैमाइश को लेकर सगे भाई सूफियान (43) और अकरम (45) मौके पर गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजन दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने सूफियान को मृत घोषित कर दिया।
वहीं अकरम की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे उपचार के लिए भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है, कि सूफियान और अकरम, सदर विधानसभा क्षेत्र से दो बार बसपा के टिकट पर विधायक रहे मरहूम हाजी अलीम के भतीजे थे।घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में हजारों की संख्या में लोग एकत्र हो गए। जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
यह भी पढ़ें: राजभवन जयपुर में सम्मानित किए गए शिक्षक डॉ० राजीव
हालात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। और जिला अस्पताल व आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियातन तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट – सईद अहमद