लखीमपुर : मैलानी जिले के लोगों के लिए खुशखबरी भुज से बरेली के बीच चलने वाली आला हजरत एक्सप्रेस का विस्तार पीलीभीत, मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर होते हुए लखनऊ जंक्शन तक करने का प्रस्ताव एनई रेलवे की ओर से समय सारिणी सहित रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही इस ट्रेन का विस्तार हो जाएगा।
और जिले वासियों की दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात तक पहुंच आसान हो जाएगी। नए साल में जल्द ही यह सौगात मिलने की उम्मीद है। एनई रेलवे के मुख्ययात्री एवं परिवहन प्रबंधक आशीष भाटिया की ओर से 23 दिसंबर को आला हजरत एक्सप्रेस के विस्तार का पत्र रेलवे बोर्ड को समय सारिणी सहित भेजा है। पत्र में ट्रेन नंबर > > >14321/14322, >14311/14312
आला हजरत एक्सप्रेस का बरेली से पीलीभीत, मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर के रास्ते लखनऊ जंक्शन तक विस्तार किए जाने का प्रस्ताव समय सारिणी सहित रेलवे बोर्ड भेजा गया है। प्रस्ताव का यह पत्र मंगलवार को रात में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। पत्र में दी गई समय सारिणी के मुताबिक ट्रेन नंबर 14311 लखनऊ जंक्शन से सोमवार, बुधवार, शुक्रवार को रात 22:00 बजे चलकर सीतापुर से 00:10, लखीमपुर से 00:52, गोला से 01:22, मैलानी से 02:00, पूरनपुर से 02:55, पीलीभीत से 04:00, इज्जतनगर से 05:10 बजे चलकर 06:35 बजे बरेली पहुंचेगी।
ट्रेन नंबर 14312 बरेली से मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार को रात 21:25 बजे चलकर इज्जतनगर से 22:05, पीलीभीत से 23:10, पूरनपुर से 00:15, मैलानी से 01:10, गोला से 01:32, लखीमपुर से 02:02, सीतापुर से 02:45 बजे चलकर सुबह पौने पांच बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 14321 लखनऊ जंक्शन से रविवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार को और 14322 भी बरेली से सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को इसी समय सारिणी से चलेगी।
आला हजरत एक्सप्रेस का बरेली से मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर के रास्ते लखनऊ जंक्शन तक विस्तार का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड भेजे जाने से क्षेत्रवासियों में अपार खुशी है। मैंने दिल्ली, राजस्थान तक ट्रेन चलाने के लिए कई बार रेल अधिकारियाें को ज्ञापन दिया है। इस ट्रेन की मंजूरी मिलने पर जिले के लोगों को दिल्ली के अलावा, राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर और अजमेर शरीफ दरगाह जाने में सुविधा हो जाएगी।
पं. राजेश शर्मा, अध्यक्ष, नगर है उद्योग व्यापार मंडल, मैलानी
हम लोगों की ओर से लंबे समय से की जा रही मांग पर पूर्वोत्तर और उत्तर रेलवे ने मिलकर आला हजरत एक्सप्रेस के मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर होते हुए लखनऊ जंक्शन तक विस्तार का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। इसकी स्वीकृति भी जल्द मिलने की पूरी उम्मीद है। लंबे समय से दिल्ली तक ट्रेन की मांग भी इससे पूरी हो जाएगी। इसके साथ ही जिले के लोगों को जयपुर अजमेर होते हुए भुज गुजरात तक भी सीधी रेल सेवा
मिल जाएगी।
अंकुर दीक्षित, गोला गोकर्णनाथ
दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, गुजरात तक ट्रेन चलाने को रेल अधिकारियों को नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी की ओर से कई बार मांगपत्र दिया गया है। आला हजरत एक्सप्रेस का विस्तार मैलानी, लखीमपुर के रास्ते लखनऊ जंक्शन तक हो जाने से ये मांग पूरी हो जाएगी। साथ ही क्षेत्रवासियों को खाटू श्याम और अजमेर शरीफ दरगाह दर्शन के लिए जाने में भी आसानी हो जाएगी।
भवानी शंकर माहेश्वरी, समाजसेवी, प्रतिनिधि, नगर पंचायत अध्यक्ष, मैलानी